उधमपुर बस हादसाः ब्लाइंड मोड़ पर बिगड़ा संतुलन! पलक झपकते ही खाई में समा गया वाहन, अबतक 20 लोगों की मौत

Udhampur bus accident: Vehicle lost balance on a blind turn, plunged into a ditch in the blink of an eye, killing 20 people.

उधमपुर/जम्मू। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। रामनगर इलाके के कागोर्ट गांव के पास एक यात्री बस के खाई में गिर जाने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अधिकारियों के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब बस एक दूरदराज गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी। रामनगर क्षेत्र में एक खतरनाक ब्लाइंड मोड़ से गुजरते समय चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई और गहरी खाई में जा गिरी। बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और बिना किसी संसाधन के ही बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने बस के मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कुछ ही देर में पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं और संगठित तरीके से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। मलबे से एक-एक कर शव निकाले जाने लगे, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी।

20 शव बरामद, कई की हालत गंभीर
प्रशासन ने पुष्टि की है कि अब तक 20 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं 20 से अधिक घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करने की तैयारी भी की जा रही है। इधर हादसे की सूचना मिलते ही केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें एयरलिफ्ट किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर दुख जताते हुए प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुखद बताया और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।