ऊधम सिंह नगरः विवादों में काशीपुर ब्लॉक प्रमुख पति विजय कुमार! सांसद भट्ट ने लिया बड़ा फैसला, प्रतिनिधि पद से हटाया
रुद्रपुर/काशीपुर। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने काशीपुर विकासखंड के लिए नामित अपने प्रतिनिधि विजय कुमार को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है। इस संबंध में सांसद भट्ट ने ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में सांसद अजय भट्ट ने स्पष्ट किया है कि विजय कुमार को कार्यकर्ताओं के अनुरोध पर काशीपुर की विकास संबंधी त्रैमासिक बैठकों में उनकी अनुपस्थिति के दौरान प्रतिनिधि के रूप में नामित किया गया था। विजय कुमार वर्तमान में काशीपुर की ब्लॉक प्रमुख के पति भी हैं। सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्हें जानकारी प्राप्त हुई है कि विजय कुमार किसी गैरकानूनी मामले में वांछित हैं। ऐसी परिस्थितियों में उनका सांसद प्रतिनिधि के पद पर बने रहना पद की गरिमा, जनप्रतिनिधि की साख और सार्वजनिक दायित्वों के अनुरूप नहीं माना जा सकता। इसी आधार पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से विजय कुमार की नियुक्ति समाप्त करने का निर्णय लिया है। पत्र में सांसद ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि वे इस संबंध में अपने स्तर से आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करें, ताकि आदेश का तत्काल पालन हो सके।