उत्तराखंड:कपकोट में विधायक की कथित अश्लील फोटो में नाम जोड़ने पर महिला ने दी परिवार सहित आत्मदाह की चेतावनी!पुलिस पर भी लगाए आरोप

Uttarakhand: A woman, enraged by the MLA's name being linked to an alleged obscene photo in Kapkot, threatens to commit suicide along with her family. She also accuses the police.

बागेश्वर।
 कपकोट क्षेत्र की एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में  महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2024 से कपकोट विधायक सुरेश गड़िया से जुड़े एक कथित अश्लील फोटो के साथ उसका नाम जोड़कर सोशल मीडिया पर लगातार उसकी छवि धूमिल की जा रही है। महिला ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपने पति और दो बच्चों सहित आत्मदाह करेगी।
महिला का दावा है कि उसने वर्ष 2024 में इस मामले को लेकर कपकोट थाने में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया था, लेकिन उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उसका आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उसे फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग बंद करने की सलाह दी।
वीडियो में महिला ने आरोप लगाया कि 29 जुलाई की शाम मानीखेत निवासी जगदीश गोस्वामी नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर उसके चरित्र पर गंभीर आरोप लगाए। महिला के अनुसार, पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि उसे विधायक सुरेश गड़िया से तीन करोड़ रुपये और एक वाहन मिला है। महिला ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और झूठा बताते हुए कहा कि इस तरह की पोस्ट और उस पर की गई टिप्पणियों से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा तथा परिवार की छवि को गंभीर क्षति पहुंची है।
महिला का यह भी कहना है कि उसने पहले विधायक सुरेश गड़िया से सार्वजनिक रूप से इस मामले में स्पष्टीकरण देने और वायरल दावों का खंडन करने का अनुरोध किया था, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
वीडियो में महिला ने कहा है कि यदि निर्धारित समय के भीतर पुलिस संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर मामले का खुलासा नहीं करती और उसे न्याय नहीं मिलता, तो वह अपने पति और बच्चों सहित आत्मदाह करने को मजबूर होगी। उसने ऐसी किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी विधायक सुरेश गड़िया और कपकोट पुलिस पर डाली है।


हालांकि, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। समाचार लिखे जाने तक कपकोट पुलिस, विधायक सुरेश गड़िया तथा आरोपित जगदीश गोस्वामी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। संबंधित पक्ष का बयान प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।