बड़ी खबरः बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने पर विनेश फोगाट ने दिखाए तेवर! बोलीं- फैसले से खुश नहीं, लड़ाई जारी रखेंगे

Big News: Vinesh Phogat reacts defiantly to Brij Bhushan Sharan Singh's acquittal! Says she is not happy with the verdict and the fight will continue.

नई दिल्ली। महिला पहलवानों से जुड़े कथित यौन शोषण मामले में भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को दिल्ली की अदालत से बरी किए जाने के बाद मामले ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है। अदालत के फैसले के बाद जहां बृजभूषण शरण सिंह ने इसे अपने लिए बड़ी राहत और निर्दोष साबित होने की बात कही, वहीं उनके खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व करने वाली महिला पहलवान विनेश फोगाट ने फैसले पर असंतोष जताते हुए इसे चुनौती देने का ऐलान किया है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को बृजभूषण शरण सिंह को छह महिला पहलवानों की ओर से लगाए गए कथित यौन शोषण के आरोपों के मामले में बरी कर दिया। अदालत ने उनके साथ भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व सहायक सचिव विनोद तोमर को भी आरोपों से बरी किया है। अदालत के मुताबिक अभियोजन पक्ष आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त और ठोस साक्ष्य पेश नहीं कर सका। फैसले के दौरान बयानों में सामने आए विरोधाभासों को भी महत्वपूर्ण माना गया। कोर्ट के फैसले के बाद विनेश ने एक्स पर एक पोस्ट किया है जिसमें लिखा है कि वह फैसले से खुश नहीं हैं और इसे चुनौती देंगी। उन्होंने लिखा, "हमें सड़क पर उतरने और सत्ताधारी पार्टी के एक बाहुबली नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के लिए बहुत हिम्मत जुटानी पड़ी थी। सत्ता और अपने बाहुबल के दम पर बृजभूषण ने कई लड़कियों को डराकर उनके नाम वापस करवाए हैं।" उन्होंने लिखा, "पर कई महिला पहलवान खड़ी रहीं और कोर्ट में बृजभूषण के खिलाफ लड़ाई लड़ती रहीं। हमें इस बात का बहुत दुख है कि अदालत ने बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन हिंसा के आरोपों में दोषी नहीं माना है। शुरू दिन से ही सारा तंत्र, सरकार और ये सिस्टम बृजभूषण को बचाने के लिए लगा है। महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को इस फैसले के खिलाफ अपील करने का निर्देश दिया है और यह जल्द ही किया जाएगा। हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है। पहलवान अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।