रुद्रपुर में निजी वाहनों के लिए UK06 BS सीरीज शुरू, तीन दिन में 282 नंबर बुक, परिवहन विभाग को 9.58 लाख की आय
रुद्रपुर। परिवहन विभाग ने एक अगस्त से निजी वाहनों के पंजीकरण के लिए नई UK06 BS सीरीज जारी कर दी है। सीरीज खुलते ही वाहन स्वामियों में पसंदीदा नंबर लेने की होड़ देखने को मिल रही है। शनिवार से ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मनपसंद पंजीकरण नंबर आरक्षित कराए हैं।

विभाग के अनुसार फिलहाल सामान्य नंबरों की बुकिंग 'पहले बुक कराओ, पहले पाओ' के आधार पर की जा रही है। एक अगस्त से अब तक कुल 282 पंजीकरण नंबर बुक किए जा चुके हैं, जिससे परिवहन विभाग को 9 लाख 58 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
इसके अलावा 0001 से 0009, 1111, 2222 सहित कुल 38 फैंसी नंबरों के लिए भी आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन नंबरों का आवंटन निर्धारित नियमों के तहत बोली (ऑक्शन) प्रक्रिया से किया जाएगा।
परिवहन विभाग ने बताया कि इच्छुक वाहन स्वामी निर्धारित धनराशि का डिमांड ड्राफ्ट कार्यालय में जमा कर बोली प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। सर्वाधिक बोली लगाने वाले आवेदक को संबंधित फैंसी पंजीकरण नंबर आवंटित किया जाएगा।