ऊधम सिंह नगर: एसएसपी अजय गणपति का बड़ा एक्शन! लापरवाही पर आईटीआई कोतवाली प्रभारी और पैगा चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस महकमे से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। एसएसपी अजय गणपति ने लापरवाही और दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरतने पर आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ और पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार आईटीआई कोतवाली की समीक्षा के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। जांच में पाया गया कि कोतवाली आईटीआई में दर्ज विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही थी। कई मामलों में विवेचनाओं की नियमित मॉनिटरिंग नहीं की जा रही थी, जिससे प्रकरणों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब हो रहा था। इसके अलावा पीड़ितों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों की सुनवाई और समाधान में भी देरी की शिकायतें सामने आईं। उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर दिए गए निर्देशों के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर एसएसपी ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना। इन तथ्यों के आधार पर कोतवाली आईटीआई प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस अधिकारी का पहला दायित्व पीड़ितों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और विवेचनाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना है। यदि कोई अधिकारी इन दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा के दौरान पैगा चौकी की कार्यप्रणाली भी जांच के दायरे में आई। जांच में पाया गया कि चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह द्वारा भी पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई और उनके निस्तारण में अनावश्यक देरी की जा रही थी। साथ ही अपने प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई जा रही थी। एसएसपी ने इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए उन्हें भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए।