उत्तराखण्डः शिक्षिका सृष्टि कंडारी की मौत मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन! पति और ननद गिरफ्तार, सास समेत अन्य परिजनों की भूमिका की भी जांच

Uttarakhand: Major police action in the case of teacher Srishti Kandari's death! Husband and sister-in-law arrested; the roles of the mother-in-law and other family members are also being investigate

देहरादून। हर्रावाला क्षेत्र में नवविवाहिता शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में डोईवाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दहेज हत्या के आरोप में उसके पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हर्रावाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौत से पहले सृष्टि ने अपने फोन पर एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने अपनी असहनीय पीड़ा बयां की है। बता दें कि सृष्टि कंडारी की मौत 29 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए। पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी मृतका की मां सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल में मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने दहेज की मांग को लेकर बेटी को परेशान किए जाने और उसे कथित तौर पर अपशकुन व मनहूस कहकर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया। परिजनों के अनुसार, सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री के साथ हुई थी। सौरभ खत्री सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात बताया जा रहा है। परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सृष्टि को ससुराल में परेशान किया जाने लगा था। मृतका की मां सीमा कंडारी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी बेटी को कभी दहेज की मांग को लेकर परेशान किया जाता था तो कभी परिवार में होने वाली किसी अनहोनी के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था। आरोप है कि सृष्टि को अपशकुन और मनहूस कहकर भी मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। मायके पक्ष ने सृष्टि की मौत को सामान्य घटना न मानते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। शिकायत में मृतका के पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू और अन्य परिजनों की भूमिका की जांच करने की मांग की गई। मृतका की मां की तहरीर के आधार पर डोईवाला कोतवाली पुलिस ने दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने कार्रवाई करते हुए हर्रावाला क्षेत्र से मृतका के पति सौरभ खत्री और ननद चारू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मृतका की मां के दर्ज किए गए बयान
घटना के बाद शुक्रवार को मृतका की मां सीमा कंडारी डोईवाला कोतवाली पहुंचीं, जहां पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा के अनुसार, मृतका की मां के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और हर पहलू को निष्पक्ष तरीके से खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मां से अपनी परेशानियों का करती थी जिक्र
सृष्टि कंडारी की मौत के बाद से उसका मायका परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों के मुताबिक, सृष्टि अक्सर अपनी मां से ससुराल में होने वाली परेशानियों का जिक्र करती थी। हालांकि, परिवार के लोगों का कहना है कि उसने रिश्ते को बचाए रखने और पारिवारिक संबंधों को बनाए रखने की उम्मीद में कभी खुलकर अपनी समस्याओं को सार्वजनिक नहीं किया। मृतका के भतीजे हिमांशु ने परिवार की ओर से अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि सृष्टि शादी के बाद से ही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी। उनके अनुसार, वह अपनी मां से कभी-कभी अपनी परेशानियों के बारे में बताती थी, लेकिन परिवार और रिश्ते को बचाने की कोशिश में उसने कभी खुलकर विरोध नहीं किया। परिजनों का आरोप है कि लगातार मानसिक तनाव और कथित प्रताड़ना के चलते सृष्टि बेहद परेशान थी। शादी के महज कुछ महीनों बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है।