ऊधम सिंह नगरः हिस्ट्रीशीटर के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर! 50 लाख से अधिक मूल्य की सरकारी भूमि कराई गई मुक्त

Udham Singh Nagar: Bulldozer razes history-sheeter's illegal encroachment! Government land worth over ₹50 lakh reclaimed.

नानकमत्ता। ऊधम सिंह नगर जिले में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नानकमत्ता क्षेत्र में पुलिस और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर तारा सिंह के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर करीब दो एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तारा सिंह जिले का चिन्हित हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर है, जिसके खिलाफ डकैती, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 27 मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में वह जेल में बंद है। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि नानकसागर बांध क्षेत्र में सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर पक्के निर्माण किए गए थे। शिकायतों और राजस्व अभिलेखों की जांच के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया। इसके बाद पुलिस और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिले में अपराधियों, गैंगस्टरों और नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।