ऊधम सिंह नगरः गदरपुर की आइस फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक! एक मजदूर की दर्दनाक मौत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

 Udham Singh Nagar: Ammonia gas leak at Bhola Ice Factory in Gadarpur! One worker dies a tragic death; questions raised regarding safety measures.

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर से एक बड़ा मामला सामने आया है, यहां भोला आइस फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। फैक्ट्री में कार्यरत एक मजदूर की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में कार्यरत मजदूर नियमित कार्य के दौरान एक वाल्व अथवा उससे जुड़े उपकरण को खोल रहा था। इसी दौरान अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गैस के संपर्क में आते ही मजदूर की हालत तेजी से बिगड़ने लगी और वह तड़पने लगा। साथी कर्मचारियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी स्थिति गंभीर हो चुकी थी। घटना के तुरंत बाद उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान यूपी मुरादाबाद के मुंडा पांडे क्षेत्र निवासी राजेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलने पर गदरपुर पुलिस, जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं प्रशासन ने फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण कर गैस रिसाव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र की भी निगरानी की ताकि किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे। गदरपुर की उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह ने बताया कि फैक्ट्री को सुरक्षित करने और गैस रिसाव के कारणों की जांच के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने कहा कि मृतक के परिजनों की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि संबंधित फैक्ट्री घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था, नियमित निरीक्षण और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि गैस रिसाव का दायरा और बढ़ जाता तो बड़ा जनहानि का खतरा पैदा हो सकता था। फिलहाल पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा पूरे मामले की जांच जारी है।