गंगोत्री हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बीआरओ का ओवरलोड ट्रक खाई में गिरा, एक जवान की मौत, एक घायल
उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। भटवाड़ी क्षेत्र के मल्ला गांव के समीप सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) का एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से उपचार के दौरान एक जवान की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बीआरओ का रोडी-बजरी से लदा ट्रक गंगोत्री हाईवे पर मल्ला के पास बैक हो रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रक पीछे की ओर लुढ़कते हुए गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरे दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल उत्तरकाशी पहुंचाया गया। घायलों की पहचान 39 वर्षीय सत्येंद्र असवाल निवासी हीना और 27 वर्षीय जयराम सिंह निवासी सेकू, भटवाड़ी के रूप में हुई। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान ट्रक चालक सत्येंद्र असवाल ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घायल जयराम सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है और चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। भटवाड़ी पुलिस चौकी प्रभारी निखिल देव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन बीआरओ का डंफर ट्रक था, जो उपखनिज सामग्री से ओवरलोड था। उन्होंने बताया कि पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से समय रहते रेस्क्यू किया गया, लेकिन चालक की जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।