उत्तराखण्ड में दर्दनाक हादसाः अनियंत्रित डंपर खेतों में गिरा! चालक समेत महिला की मौत, गांव में पसरा मातम

Tragic accident in Uttarakhand: An uncontrolled dumper falls into a field! The driver and a woman die, and the village is plunged into mourning.

टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। भद्रकाली तिराहे से आगे एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि सड़क किनारे लगे दो भारी कंक्रीट डिवाइडर भी टूटकर नीचे जा गिरे और पास की झोपड़ी में रह रही एक महिला उनकी चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में डंपर चालक और महिला दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय अचानक तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने देखा कि डंपर सड़क से नीचे खेतों में पलटा पड़ा है, जबकि सड़क के किनारे लगे भारी डिवाइडर नीचे झोपड़ी पर गिर चुके थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एसडीआरएफ टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाते हुए डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं डंपर चालक को स्थानीय लोगों द्वारा पहले ही अस्पताल पहुंचाया जा चुका था, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। मृतक चालक की पहचान फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर हरिद्वार के रूप में हुई है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान 42 वर्षीय कौशल्या पत्नी सुरेश, निवासी बावाड़ी शिवपुरी के रूप में हुई है। महिला सड़क किनारे बनी झोपड़ी में रह रही थी, तभी हादसे के दौरान डिवाइडर सीधे उसके ऊपर जा गिरे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह वाहन के अनियंत्रित होने को माना जा रहा है, हालांकि पुलिस तकनीकी और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। प्रशासन ने मामले में विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।