ये नैनीताल है जनाब:जहां से गुजरते हैं बड़े अफसर,वहीं बह रहा गंदा सीवर!प्रशासन बेखबर? व्यापार मंडल अध्यक्ष ने दी हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
नैनीताल के तल्लीताल स्थित फांसी गधेरे क्षेत्र में सीवर का गंदा पानी सड़क पर बहने का मामला सामने आया है। स्थानीय व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने इस संबंध में प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

पुनीत टंडन ने कहा कि 18 जून को हुई बारिश के बाद से क्षेत्र में सीवर का गंदा और मलमूत्र युक्त पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। उनका कहना है कि 19 जून की सुबह लगभग आठ बजे भी स्थिति जस की तस बनी हुई थी और सीवर का पानी खुले रूप से सड़क पर निकलता दिखाई दिया।

पुनीत टंडन ने बताया कि यह मार्ग शहर के महत्वपूर्ण और वीआईपी मार्गों में शामिल है, जहां से उच्च प्रशासनिक अधिकारी, सरकारी कर्मचारी और आम नागरिक नियमित रूप से आवागमन करते हैं। इसके बावजूद समस्या का लंबे समय तक बने रहना संबंधित विभागों की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक और व्यापार मंडल अध्यक्ष होने के नाते उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि बिना विलंब के स्थिति को ठीक नहीं किया गया तो वह इस मामले को उत्तराखंड हाईकोर्ट के समक्ष उठाने को बाध्य होंगे।
पुनीत टंडन ने बताया कि मामले की दोबारा समीक्षा 19 जून को दोपहर दो बजे के बाद उनके अथवा उनके प्रतिनिधि द्वारा की जाएगी। यदि तब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगे की कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
वही कई स्थानीय लोगों का ये भी कहना है कि पर्यटन नगरी नैनीताल में इस प्रकार खुले में बहता सीवर न केवल स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोलता है, बल्कि जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।