बिहार में लुटेरी दुल्हन का खुला राज! दंग रह गई पुलिस,1600 किलोमीटर दूर से शादी के लिए पहुंचा था दूल्हा

बिहार के बक्सर में शादी का झांसा देकर ठगी करने वाली एक लुटेरी दुल्हन और उसके पूरे गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह राजस्थान के एक परिवार से करीब दो लाख रुपये नकद और कीमती सामान लेकर फरार हो गया था। शिकायत मिलने के बाद नगर थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देर रात पूरे गिरोह को धर दबोचा।
बिहार से 1600 किलोमीटर दूर राजस्थान के एक परिवार को एक महिला ने शादी का प्रस्ताव देकर बक्सर बुलाया। व्हाट्सएप पर 15 से अधिक लड़कियों की तस्वीरें भेजी गईं, जिनमें से एक लड़की पसंद आने के बाद शादी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। लड़की ने खुद को ब्राह्मपुर निवासी बताया लेकिन पुलिस जांच में वह नया भोजपुर ओपी के चिल्हरी गांव की रहने वाली पाई गई। ठगी के इस नए अंदाज को देखकर पुलिस भी हैरान है। ठगी करने वालो ने अपने व्हाट्सप डीपी में बक्सर एसपी की तस्वीर लगाकर राजस्थानी परिवार को बक्सर के होटल में ठहराया. जहां दुल्हन पक्ष के लोग उनसे मिले। होटल में 3000 रुपये का खाना खिलाया गया और शगुन के तौर पर महंगे सामान खरीदे गए। इसके बाद दुल्हन और उसके साथी नकद और सामान लेकर चुपचाप फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह और सहायक थाना प्रभारी रमन राउत ने तीन स्तर की घेराबंदी करते हुए शहर के आईटीआई फील्ड के पास से लुटेरी दुल्हन समेत पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में लुटेरी दुल्हन, उसका पति, एक महिला दलाल, होटल का गार्ड और एक एम्बुलेंस चालक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पहले भी हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है।