बड़ी खबरः पटना में रिजल्ट को लेकर छात्रों का बवाल! पुलिस ने किया लाठीचार्ज तो प्रदर्शनकारियों ने जवानों को घेरा, एक महिला पुलिसकर्मी समेत दो घायल
पटना। बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के बाहर मंगलवार को रिजल्ट में कथित गड़बड़ी की आशंका को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित विश्वविद्यालय के बाहर बड़ी संख्या में छात्र अपनी मांगों को लेकर जुटे थे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई। घटना में एक महिला पुलिसकर्मी समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप था कि रिजल्ट में गड़बड़ी की आशंका है और इसी को लेकर वे विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने अपनी बात रखने पहुंचे थे। छात्रों के मुताबिक वे अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से रखना चाहते थे, लेकिन कुछ समय बाद मौके पर पुलिस की कार्रवाई शुरू हो गई। इसके बाद प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के बाहर बड़ी संख्या में छात्र जमा थे। इसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच विवाद बढ़ गया। सामने आए वीडियो में विश्वविद्यालय के गेट के पास छात्रों की भीड़ दिखाई दे रही है। इसके बाद पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किए जाने का दृश्य नजर आता है और छात्र वहां से भागते दिखाई देते हैं। इसी दौरान कुछ पुलिसकर्मी छात्रों की भीड़ के बीच घिरे नजर आते हैं। छात्रों और पुलिस के बीच झड़प बढ़ने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार इस दौरान कुछ छात्रों की ओर से पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में जितेंद्र कुमार भी शामिल बताए गए हैं। उनके सिर और पैर में चोट आई है और उनका इलाज कराया गया। वहीं एक महिला पुलिसकर्मी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। प्रदर्शन के दौरान आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी कैंपस में भी हंगामा और तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है। वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की बात भी सामने आई है। हालांकि पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के आरोप अलग-अलग हैं। छात्रों का कहना है कि वे अपनी शिकायत लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे थे और उनकी बात सुनने के बजाय पुलिस ने बल प्रयोग किया। प्रदर्शन का असर विश्वविद्यालय परिसर के आसपास की सड़क पर भी पड़ा। हंगामे के दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ राहगीरों की गाड़ियों के शीशे टूटने की जानकारी सामने आई है। इससे आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। छात्रों का कहना है कि रिजल्ट को लेकर उनके मन में कई सवाल हैं। वे विश्वविद्यालय प्रशासन से इन सवालों का स्पष्ट जवाब चाहते हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि उनकी मांगों और शिकायतों पर सुनवाई करने के बजाय स्थिति को पुलिस कार्रवाई तक पहुंचा दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस बल ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हालात को नियंत्रित किया। तनाव को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर के बाहर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। आसपास के इलाके में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है। फिलहाल विश्वविद्यालय के बाहर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन छात्रों की शिकायत और प्रदर्शन के कारण विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। छात्रों की मांग है कि रिजल्ट से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो उसे दूर किया जाए।