मैदान पर पसरा सन्नाटाः आईपीएल मुकाबले में कैच लेते समय गिरकर घायल हुए लुंगी एनगिडी! मैच रोककर बुलानी पड़ी ऐंबुलेंस, मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती
नई दिल्ली। आईपीएल मैच के दौरान आज शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच हुए मुकाबले के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मैच के दौरान दिल्ली टीम के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी इस मैच के दौरान गंभीर रूप से चोटिल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि लुंगी को फील्ड से बाहर ले जाने के लिए एंबुलेंस को मैदान के भीतर लाया गया। इस दौरान लुंगी दर्द से कराहते दिखे। ये मंजर देख कुछ समय के लिए स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया। यह घटना पंजाब की पारी यानी मुकाबले की दूसरे पारी के तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर घटी, जब अक्षर पटेल गेंदबाजी कर रहे थे और बल्लेबाजी कर रहे थे प्रियांश आर्य। प्रियांश ने मिड-ऑफ की दिशा में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। एनगिडी कैच पकड़ने के लिए पीछे की ओर दौड़े, लेकिन कैच मिस कर बैठे और गिरते समय उनके सिर का पिछला हिस्सा जोर से जमीन पर टकराया। गिरने के बाद वह एक बार और सिर के बल पलटी खाए और दर्द से कराहने लगे। घटना के तुरंत बाद फिजियो, डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ मैदान पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्ट्रेचर और एम्बुलेंस भी मैदान पर बुलानी पड़ी। एहतियात के तौर पर एनगिडी को बिना ज्यादा हिलाए सीधे एम्बुलेंस में ले जाया गया। दिल्ली और पंजाब किंग्स दोनों टीमों के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मैदान पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दौरान मैच को काफी देर तक रोकना पड़ा। एनगिडी को दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी स्कैनिंग और आगे की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उन्हें गर्दन में चोट लगी है, जिसे काफी गंभीर माना जा रहा है। एनगिडी के बाहर जाने के बाद उनकी जगह पहले दुसमंथा चमीरा ने फील्डिंग संभाली, बाद में उन्हें विपराज निगम ने रिप्लेस किया। एनगिडी इस सीजन में दिल्ली के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक रहे हैं। मिचेल स्ट्रॉक की गैरमौजूदगी में उन्होंने तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई की। उन्होंने इस मैच से पहले खेले 7 मुकाबलों में 7 विकेट लिए थे और उनका इकॉनमी रेट 8.70 रहा है। दिल्ली ने उन्हें आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में 2 करोड़ रुपये में खरीदा था।