शोहदों का दुस्साहसः केन्द्रीय मंत्री की बेटी से छेड़छाड़! पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, एफआईआर दर्ज

The audacity of the hooligans: molestation of the daughter of the Union Minister! There was a stir in the police department, FIR registered

नई दिल्ली। महाराष्ट्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। यहां जलगांव में केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे की बेटी के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। खबरों के मुताबिक यहां के मुक्ताई नगर इलाके में आयोजित मेले में गई केंद्रीय मंत्री की बेटी और उसकी सहेलियों से मनचलों ने छेड़खानी की। खबरों के अनुसार इस मामले में खुद रक्षा मंत्री खडसे ने मुक्ताई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे रविवार को पुलिस थाने पहुंचीं। रक्षा खडसे ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए एसडीपीओ कृष्णत पिंगले ने बताया कि 28 फरवरी को कोथली गांव में एक यात्रा थी। इसी यात्रा में आरोपी अनिकेत घुई और उसके 7 दोस्तों ने 3-4 लड़कियों के साथ छेड़खानी की। इन लड़कियों में एक केंद्रीय खेल मंत्री की बेटी थी व अन्य उसकी सहेलियां थीं। उन्होंने बताया कि हमने पॉक्सो एक्ट के साथ-साथ आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें भेजी गई हैं।