जसपुर में बढ़ा तनावः बच्चों के झगड़े से शुरू हुआ विवाद! बड़ों की बहस ने लिया हिंसक रूप, अफरा-तफरी का वीडियो वायरल

 Tensions escalate in Jaspur: A quarrel between children sparked a dispute! An argument between adults escalated into a violent altercation, and a video of the chaos went viral.

जसपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद के जसपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब निजामगढ़ गांव में मामूली बात पर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष छिड़ गया। बताया जा रहा है कि बीते दिन गांव में बच्चों के बीच खेल-खेल में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उस समय तो मामला शांत हो गया, लेकिन उसी बात को लेकर बाद में बड़ों के बीच बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे निकाल लिए और दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। कुछ ही देर में पूरा इलाका जंग के मैदान में तब्दील हो गया। घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मारपीट में एक पक्ष के दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। जहां दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। इधर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आई है। वहीं एक पक्ष के लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में कुछ लोग मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। एसपी ने बताया कि चौकी इंचार्ज पतरामपुर को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है और जो भी लोग मारपीट में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।