खेल जगतः श्रेयस अय्यर बने भारत के नए टी20 कप्तान! सूर्यकुमार यादव बाहर, वैभव सूर्यवंशी की भारतीय टीम में एंट्री
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट में शनिवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज तथा एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। बीसीसीआई मुख्यालय में हुई चयन समिति की बैठक के बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने टीमों की घोषणा की। सबसे बड़ा फैसला टी20 टीम की कप्तानी को लेकर सामने आया। भारतीय टीम की कमान अब श्रेयस अय्यर को सौंप दी गई है, जबकि तिलक वर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है। वहीं, हाल के वर्षों में भारत की टी20 टीम की कप्तानी संभाल चुके सूर्यकुमार यादव को न सिर्फ कप्तानी से हटाया गया है, बल्कि उन्हें तीनों टीमों में जगह भी नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि बीसीसीआई की एपेक्स काउंसिल की बैठक में यह फैसला पहले ही ले लिया गया था, जिसकी औपचारिक घोषणा शनिवार को की गई। टीम चयन में एक और बड़ा सरप्राइज 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के रूप में सामने आया है। घरेलू क्रिकेट और जूनियर स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव को पहली बार सीनियर भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय टीम में जगह मिलने से क्रिकेट जगत में उनकी प्रतिभा को लेकर चर्चा तेज हो गई है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से आराम दिया गया है। हालांकि उन्हें एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। एशियन गेम्स के स्क्वॉड में बुमराह ने मोहम्मद सिराज की जगह ली है, जबकि सिराज को इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी20 टीम में मौका दिया गया है। टीम में संजू सैमसन, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। गेंदबाजी विभाग में अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई और वरुण चक्रवर्ती पर भरोसा जताया गया है। चयनकर्ताओं ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले बड़े टूर्नामेंटों को ध्यान में रखते हुए युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में यह टीम नए दौर की शुरुआत का संकेत मानी जा रही है।
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी।