उत्तराखण्डः राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान बड़ा हादसा! कांग्रेस नेता के सिर पर गिरा लोहे का गार्डर, अस्पताल ले जाए गए

 Uttarakhand: Major accident during preparations for Rahul Gandhi's event! Iron girder falls on Congress leader's head; he has been taken to the hospital.

देहरादून। राजधानी देहरादून में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट लगाने का कार्य चल रहा था, तभी अचानक एक भारी लोहे का गार्डर उनके सिर पर गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आयोजन से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल अमर मेहता को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कल 17 जुलाई, शुक्रवार को उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। उनके कार्यक्रम के तहत देहरादून के ऐतिहासिक बन्नू स्कूल ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाना है, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि आयोजन स्थल पर क्रेन की सहायता से बड़े वाटरप्रूफ टेंट लगाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक लोहे का एक भारी गार्डर अमर मेहता के सिर पर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और बिना समय गंवाए सीएमआई अस्पताल पहुंचाया। अमर मेहता देहरादून के निरंजनपुर क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से कांग्रेस संगठन से सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है और स्थानीय स्तर पर वे एक वरिष्ठ एवं समर्पित कांग्रेस नेता के रूप में जाने जाते हैं। उनके परिवार की भी राजनीति में सक्रिय भागीदारी रही है। उनके पुत्र नगर निकाय चुनाव में पार्षद पद का चुनाव भी लड़ चुके हैं।