बड़ी खबरः सोनम वांगचुक के अनशन का 19वां दिन! जंतर-मंतर पहुंचे अरविंद केजरीवाल और डिंपल यादव! समर्थन में उतरे फिल्मी सितारे

Big News: Day 19 of Sonam Wangchuk's hunger strike! Arvind Kejriwal and Dimple Yadav reach Jantar Mantar! Film stars come out in support.

नई दिल्ली। पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारों को लेकर आवाज उठाने वाले सोनम वांगचुक के जंतर-मंतर पर जारी आमरण अनशन को शुक्रवार को 19 दिन हो गए। लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति के बीच उनके समर्थन में अब राजनीतिक दलों के नेताओं, फिल्मी हस्तियों और सामाजिक संगठनों का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है। संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले इस आंदोलन ने राष्ट्रीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। वांगचुक की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने से जुड़ी बताई जा रही है। अनशन स्थल पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव पहुंचीं और सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने कहा कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने जा रहा है, जिसमें शिक्षा, छात्रों और अन्य जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों पर संसद में सरकार से जवाब मांगा जाएगा। इसी क्रम में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी जंतर-मंतर पहुंचे। उन्होंने सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया। 

फिल्मी सितारों ने भी बढ़ाया समर्थन
सोनम वांगचुक के समर्थन में बॉलीवुड कलाकार भी खुलकर सामने आने लगे हैं। अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए कहा कि वह आमतौर पर सार्वजनिक मुद्दों पर बयान नहीं देतीं, लेकिन इस बार चुप रहना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक 18 दिनों से भूखे हैं और वे अपने लिए नहीं, बल्कि उन बच्चों के भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं जिन्हें शिक्षा व्यवस्था की खामियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वांगचुक उस व्यवस्था के खिलाफ लड़ रहे हैं जिसमें सुधार की आवश्यकता है। वहीं अभिनेत्री फातिमा सना शेख ने भी इंस्टाग्राम पोस्ट के माध्यम से अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि अब 19 दिन बीत चुके हैं और अब और इंतजार करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने देश के लिए इतना योगदान दिया होए उसे अपनी बात मनवाने के लिए अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए।

उमर अब्दुल्ला ने केंद्र सरकार को घेरा
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय से जारी भूख हड़ताल के बावजूद यदि सरकार संवाद की पहल नहीं कर रही है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मंत्री के खिलाफ लगातार गंभीर सवाल उठ रहे हैं तो सरकार को स्थिति का समाधान निकालना चाहिए।