रुद्रपुर को मिलेगी नई पहचानः दो करोड़ रुपये की लागत से बनेगा कुमाऊ का भव्य प्रवेश द्वार! पर्यटकों को दिखेगी उत्तराखंड की संस्कृति की झलक

Rudrapur to get a new identity: A grand gateway to Kumaon to be built at a cost of ₹2 crore! Tourists will get a glimpse of Uttarakhand's culture.

रुद्रपुर। रुद्रपुर शहर को जल्द ही एक नई और आकर्षक पहचान मिलने जा रही है। दिल्ली-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से कुमाऊं क्षेत्र का एक भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। यह प्रवेश द्वार केवल एक स्थापत्य संरचना नहीं होगा, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, कला, इतिहास और देवभूमि की अतिथि परंपरा का प्रतीक बनेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जानकारी विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर स्थित सिटी क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी। विधायक शिव अरोरा ने बताया कि उन्होंने 20 फरवरी 2023 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को यह प्रस्ताव सौंपा था कि रुद्रपुर, कुमाऊ मंडल का प्रवेश द्वार होने के कारण यहां उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाला एक भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव के महत्व को देखते हुए इसे अपनी घोषणाओं में शामिल किया, जिसके बाद इस परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हुई। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक योजना के अनुसार इस परियोजना का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जाना था, लेकिन बाद में इसकी जिम्मेदारी जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) को सौंप दी गई।

प्राधिकरण ने इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली है और प्रवेश द्वार का आकर्षक डिजाइन भी तैयार किया गया है। इसी डिजाइन के आधार पर उत्तराखंड की सीमा पर दिल्ली-नैनीताल हाईवे पर यह भव्य प्रवेश द्वार निर्मित किया जाएगा। विधायक के अनुसार प्रस्तावित प्रवेश द्वार की वास्तुकला में उत्तराखंड की पारंपरिक कला, लोक संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और धार्मिक पहचान को विशेष रूप से उकेरा जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश में प्रवेश करने वाले पर्यटकों और यात्रियों को पहली ही झलक में देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक समृद्धि का अनुभव कराना है। उन्होंने बताया कि प्रवेश द्वार के आसपास भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां पर्यटकों के बैठने के लिए विश्राम स्थल, आकर्षक गार्डनिंग, सूचना एवं पूछताछ केंद्र जैसी व्यवस्थाएं बनाई जाएंगी, ताकि कुमाऊ आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यह सुविधा उन्हें मार्गदर्शन देने के साथ-साथ क्षेत्र के पर्यटन स्थलों की जानकारी भी उपलब्ध कराएगी। शिव अरोरा ने कहा कि उत्तराखंड अपनी अतिथि देवो भवः की परंपरा और मेहमाननवाजी के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। ऐसे में यह प्रवेश द्वार राज्य में आने वाले प्रत्येक पर्यटक का स्वागत करेगा और उन्हें उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराएगा। उनका कहना था कि यह परियोजना रुद्रपुर की सुंदरता बढ़ाने के साथ.साथ पर्यटन को भी नई गति प्रदान करेगी।