नैनीताल जिले में तेज रफ्तार का कहरः बेकाबू कार ने दो महिलाओं को कुचला! मौके पर मौत, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, यहां तेज रफ्तार का कहर दो परिवारों की खुशियां उजाड़ गया। बैलपड़ाव क्षेत्र के गैबुआ के पास स्थित फूड क्रिस्टल होटल के नजदीक एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार हल्द्वानी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे जा रही दो महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं सुबह घास लेने के लिए जा रही थीं, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों महिलाओं को रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय कमला देवी पत्नी शिवराज सिंह और 55 वर्षीय पुष्पा देवी पत्नी केवलानंद भट्ट निवासी पत्तापनी बैलपड़ाव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार कमला देवी के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है, जबकि पुष्पा देवी की चार बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय निवासी दयाल सिंह पन्नू ने बताया कि कार गलत दिशा से आ रही थी और सीधे महिलाओं को टक्कर मार दी। उन्होंने हादसे को बेहद दर्दनाक बताते हुए कहा कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।