मिशन 2047' की ओर बढ़ता भारत: किच्छा में खुलेगा एम्स, उत्तराखंड के 20 लाख लोगों को मिला आयुष्मान का वरदान,कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का बड़ा दावा
अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर सूबे के स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एक बड़ी पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने पीएम मोदी के इस कार्यकाल को देश के इतिहास का सबसे स्वर्णिम और युगांतरकारी कालखंड बताया। उन्होंने कहा कि आज मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत न केवल आंतरिक रूप से मजबूत हुआ है, बल्कि वैश्विक पटल पर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राजनीतिक स्थिरता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश के 22 राज्यों में एनडीए की सरकारें सुशासन और विकास के एजेंडे पर तेजी से कार्य कर रही हैं।
कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत ने केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार द्वारा उत्तराखंड में किए गए जनहित के कार्यों के आंकड़े प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार हर वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि कुमाऊं मंडल के किच्छा में एम्स संस्थान स्थापित करने की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही हैं। इस बड़े अस्पताल के खुलने से कुमाऊं और आसपास के उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों की जनता को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने अंत में जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एकमात्र संकल्प वर्ष 2047 तक भारत को पूरी तरह से आत्मनिर्भर और एक 'विकसित राष्ट्र' बनाना है, जिसके लिए बुनियादी स्तर पर ढांचागत सुधार किए जा रहे हैं। आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि जैसी कल्याणकारी नीतियां इस संकल्प को पूरा करने में रीढ़ की हड्डी साबित हो रही हैं।