नैनीताल में 'चीफ जस्टिस कप गोल्फ' का शानदार आगाज, जजों ने शॉट लगाकर किया उद्घाटन

'Chief Justice Cup Golf' kicks off in grand style in Nainital; judges inaugurate the event by taking the opening shots.

नैनीताल। उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल स्थित राजभवन गोल्फ कोर्स (आर.बी.जी.सी.) में शनिवार सवेरे द्वितीय ‘चीफ जस्टिस कप गोल्फ प्रतियोगिता’ का बेहद गरिमामयी और उत्साहजनक आगाज हुआ। इस प्रतिष्ठित दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता समेत उच्च न्यायालय के अन्य वरिष्ठ न्यायाधीशों ने हरी-भरी घास के मैदान पर जोरदार शॉट (टी-ऑफ) लगाकर किया। 

नैनीताल हाईकोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस गोल्फ प्रतियोगिता में न्याय जगत से जुड़े दिग्गजों का जमावड़ा लगा है। 13 और 14 जून को चलने वाले इस भव्य आयोजन में देश के विभिन्न न्यायालयों से आए कुल 58 खिलाड़ी (प्रतिभागी) अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह पूरी प्रतियोगिता दो मुख्य श्रेणियों जूनियर और वेट्रेन्स (वरिष्ठ) कैटेगिरी में खेली जा रही है। शनिवार सुबह जैसे ही प्रतियोगिता की शुरुआत हुई, तो माहौल देखने लायक था। टी-ऑफ (शुरुआती शॉट) के दौरान न्यायमूर्तियों ने गोल्फ स्टिक से सटीक शॉट लगाए, जिसे देखकर उपस्थित दर्शकों और बार एसोसिएशन के सदस्यों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। नैनीताल का राजभवन गोल्फ कोर्स अपनी प्राकृतिक सुंदरता और कठिन गोल्फ होल्स के लिए देश-दुनिया में मशहूर है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से न केवल न्याय जगत से जुड़े लोगों को अपनी व्यस्त दिनचर्या से कुछ पल सुकून के मिलते हैं, बल्कि विभिन्न राज्यों के विधिक विशेषज्ञों के बीच आपसी समन्वय और खेल भावना भी मजबूत होती है। रविवार को प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।