Oct 13, 2026 Login
Awaaz24x7-government

अल्मोड़ा में शूट हुई शॉर्ट फिल्म ‘प्रोजेक्ट रूपांतरण’ रिलीज, सिज़ोफ्रेनिया पर संवेदनशील संदेश

Short Film ‘Project Rupantaran’, Shot in Almora, Released: A Sensitive Message on Schizophrenia

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में शूट की गई शॉर्ट फिल्म ‘प्रोजेक्ट रूपांतरण’ आधिकारिक रूप से रिलीज हो गई है। यह फिल्म मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर विषय सिज़ोफ्रेनिया पर आधारित है, जिसे बेहद सरल और संवेदनशील अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।


फिल्म की शूटिंग अल्मोड़ा के विभिन्न लोकेशनों पर की गई है, जिससे इसमें स्थानीय परिवेश की झलक साफ दिखाई देती है। खास बात यह है कि फिल्म में स्थानीय कलाकारों के साथ महंतगांव जूनियर हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भी अभिनय किया है, जिससे कहानी को वास्तविकता और स्थानीय जुड़ाव का मजबूत आधार मिलता है।


फिल्म में नीरज पंत, विपुल जोशी, रवि प्रसाद और हर्षित दुर्गापाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं। सभी कलाकार अल्मोड़ा और हल्द्वानी क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। वहीं, बच्चों के अभिनय को भी दर्शकों द्वारा सराहा जा रहा है, जिन्होंने अपने किरदारों को प्रभावशाली तरीके से निभाया है।
‘प्रोजेक्ट रूपांतरण’ की कहानी सिज़ोफ्रेनिया जैसे मानसिक विकार के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म यह संदेश देती है कि मानसिक समस्याओं का समाधान केवल दवाइयों तक सीमित नहीं है, बल्कि समझ, सहयोग और सकारात्मक वातावरण भी उतना ही जरूरी है।


फिल्म के लेखक और निर्देशक विपुल जोशी हैं, जबकि सिनेमेटोग्राफी दीपांशु कुमार ने की है। एडिटिंग का कार्य नरेंद्र धाकड़ द्वारा किया गया है। सीमित संसाधनों के बावजूद तकनीकी टीम ने फिल्म को प्रभावी रूप देने में सफल प्रयास किया है।
फिल्म के निर्माण में त्रिभुवन गिरी महाराज, गौरव बंब और जितेंद्र गोस्वामी का विशेष सहयोग रहा है।
स्थानीय स्तर पर तैयार की गई यह शॉर्ट फिल्म न केवल मनोरंजन करती है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषय पर जागरूकता फैलाने का भी काम करती है। रिलीज के बाद से ही ‘प्रोजेक्ट रूपांतरण’ को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।