रुद्रपुर में फाइनेंस कंपनी पर गंभीर आरोपः 20 हजार का लोन और 1 लाख 20 हजार रुपये का नोटिस! गारंटर के साथ मारपीट का वीडियो वायरल, गोली मारने की धमकी से मचा हड़कंप
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर दबंगई और मारपीट के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि मामूली कर्ज को कई गुना बढ़ाकर वसूली की जा रही है और विरोध करने पर धमकी और हिंसा का सहारा लिया जा रहा है। मामला आवास विकास क्षेत्र का है, जहां रेशमा नाम की महिला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसने आवास विकास स्थित लोन कंपनी संपूर्ण जीवन धन निधि लिमिटेड से 20 हजार रुपये का लोन लिया था। लेकिन समय पर भुगतान न होने पर कंपनी ने इस राशि को बढ़ाकर 1 लाख 20 हजार रुपये कर दिया और उसके गारंटर जावेद को नोटिस भेज दिया। पीड़ित पक्ष के अनुसार जब जावेद इस मामले में बात करने के लिए कंपनी के कार्यालय पहुंचा, तो वहां कर्मचारियों ने उसके साथ अभद्रता की और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि कर्मचारियों ने न सिर्फ जावेद को पीटा, बल्कि उसे गोली मारने की धमकी भी दी। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक महिला, जो खुद को कंपनी की मालिक बता रही थी, रिवाल्वर लेकर मौके पर पहुंच गई,जिससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस की मौजूदगी में ही मारपीट हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने फाइनेंस कंपनियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
