सनसनीखेजः ओडिशा में नाबालिग हॉकी खिलाड़ी से गैंगरेप! कोच ने दो दोस्तों संग दिया वारदात को अंजाम, मचा हड़कंप

नई दिल्ली। ओडिशा से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां जाजपुर जिले में 15 साल की एक हॉकी खिलाड़ी के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ। हैरानी की बात ये है कि इस जघन्य कांड को उसके कोच ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर अंजाम दिया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये घटना 21 जुलाई को सामने आई है। पीड़िता ने जाजपुर टाउन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उसने शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके कोच और दो साथियों ने 3 जुलाई की शाम को घर लौटते समय उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपी उसे लेकर एक लॉज में ले गए। वहां मुख्य आरोपी ने उसके साथ बलात्कार किया, जबकि उसके दोस्तों ने उसका साथ दिया। जाजपुर के पुलिस अधीक्षक यशप्रताप श्रीमल ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित खिलाड़ी की शिकायत पर केस दर्ज करने के बाद एक हॉकी कोच सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उनमें से एक आरोपी को रिहा कर दिया गया, क्योंकि अपराध में अभी तक उसकी संलिप्तता नहीं पाई गई है। बाकी तीनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में पूछताछ की जा रही है। एसपी ने बताया कि पीड़ित लड़की पिछले दो साल से जाजपुर हॉकी स्टेडियम में ट्रेनिंग ले रही है। पीड़िता ने अपनी शिकातय में दावा किया कि अपराधियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। उनका कहना था कि यदि उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो वे उसकी हत्या कर देंगे। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का बयान जिला अदालत में दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में कानूनी कार्यवाही चल रही है।