दर्दनाकः राजस्थान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा! नाले में गिरी यात्रियों से भरी टेंपो ट्रैवलर, 8 लोगों की मौत
कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सीमलिया के पास यात्रियों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत की सूचना है। कोटा जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में करीब 25 यात्री सवार थे। वाहन में भोपाल के 21 लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। इनमें बुजुर्ग और बच्चे भी थे। सभी लोग भोपाल से राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कोटा जिले के सीमलिया के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे नाले में जा गिरा। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कई यात्रियों के हताहत होने की सूचना सामने आई। शुरुआती खबरों में मृतकों में मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के लोगों के शामिल होने की बात भी कही गई है। हालांकि, मृतकों की पहचान और उनके गृह जिले को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।