उत्तराखण्ड में सनसनीखेज वारदात: दहेज और शक ने ली जान, हैवान पति ने चुन्नी से गला घोंटकर की पत्नी की हत्या! घटना के बाद करते रहा ड्रामा, ऐसे खुला राज

Sensational incident in Uttarakhand: Dowry and suspicion claimed lives, a monstrous husband strangled his wife to death with a scarf! He continued to act after the incident, and this is how the secre

सेलाकुई/देहरादून। दहेज की मांग और आपसी शक ने एक और शादीशुदा जिंदगी को खत्म कर दिया। सेलाकुई थाना क्षेत्र में दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को पुलिस ने रविवार देर रात बाजार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसे बीमारी से हुई मौत बताकर गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। मामले के अनुसार उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के भीरा थाना क्षेत्र के रडा बाजार निवासी आरिफ ने 21 अप्रैल को अपनी पत्नी शाहीन बानो की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी ने परिजनों और आसपास के लोगों को यह कहकर गुमराह किया कि उसकी पत्नी की मौत बीमारी के कारण हुई है। हालांकि, जब शव का पोस्टमार्टम कराया गया तो रिपोर्ट में साफ हो गया कि शाहीन बानो की मौत गला घोंटने से हुई है। इसके बाद मामला हत्या का बन गया और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी लोकपाल परमार के अनुसार, आरोपी को रविवार देर रात बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि शादी के समय उसे दहेज नहीं मिला था और वह लगातार मोटरसाइकिल की मांग करता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से बात करने का शक करता था, जिससे दोनों के बीच तनाव और बढ़ गया था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। आरोपी ने बताया कि विवाद के दौरान पत्नी द्वारा लात मारने पर उसे गुस्सा आ गया और उसने चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने सच्चाई छिपाने के लिए झूठी कहानी रचते हुए रिश्तेदारों और पड़ोसियों को बताया कि शाहीन की मौत बीमारी के कारण हुई है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी साजिश को उजागर कर दिया। मृतका के पिता लाल मोहम्मद ने एक मई को थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वर्ष 2025 में शादी के बाद से ही आरोपी उनकी बेटी से दहेज में मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था और उसे प्रताड़ित करता था। घटना के दिन आरोपी ने उन्हें फोन पर बेटी के बीमार होने की सूचना दी थी, लेकिन जब उनके परिजन सेलाकुई पहुंचे तो बेटी की मौत की खबर मिली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।