सनसनीखेजः हल्द्वानी के टांडा जंगल में संविदाकर्मी की निर्मम हत्या! कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर उतारा मौत के घाट, करीबी साथी पर शक
हल्द्वानी। हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में देर रात हुई सनसनीखेज हत्या की वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वन विभाग में संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत 50 वर्षीय मेवा लाल की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और देर रात ही पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय मेवा लाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से यूपी के कौशांबी का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से हल्द्वानी क्षेत्र में रहकर वन विभाग में संविदा कर्मी के तौर पर कार्य कर रहा था। जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी कोतवाली के टीपी नगर चौकी क्षेत्र स्थित टांडा जंगल में देर रात पुलिस को सूचना मिली कि जंगल के भीतर एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मेवा लाल की हत्या बेहद बेरहमी से की गई। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने कुल्हाड़ी या किसी अन्य धारदार हथियार से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतारा और इसके बाद मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को मृतक के एक करीबी साथी पर हत्या का शक है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले मृतक और संदिग्ध के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। फिलहाल संदिग्ध फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस हत्या के पीछे आपसी विवाद, पुरानी रंजिश या किसी अन्य कारण को लेकर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।