सनसनीखेजः रुद्रपुर में कारोबारी को संदिग्ध परिस्थितियों में लगी गोली! दुकान में लहूलुहान मिले ध्रुव, गंभीर हालात में दिल्ली ले गए परिजन
रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र में कारोबारी ध्रुव संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के लोग उन्हें उपचार के लिए दिल्ली ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। पुलिस के मुताबिक आदर्श कालोनी निवासी 25 वर्षीय ध्रुव चावला पुत्र अनिल चावला की सिविल लाइन रोड पर पार्टनरशिप में शू विला नाम से जूतों की दुकान है। गुरुवार रात वह दुकान पर ही था। देर रात तक वह घर नहीं गया तो उसकी मां ने काल किया। ध्रुव ने मां को बताया कि वह दुकान में अकेला है, कुछ देर बाद घर आ जाएगा। रात दस बजे के करीब जब उसकी मां एकता ने दोबारा काल किया तो रिसिव नहीं हुआ। बाद में मां ने ध्रुव के पार्टनर को काल किया। इस पर वह पौने 11 बजे के करीब दुकान पर पहुंचा तो ध्रुव खून से लथपथ घायल पड़ा हुआ था। पार्टनर ने इसकी सूचना उसके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। यहां पर चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखकर अन्यत्र ले जाने की बात कही। जिसके बाद परिवार के लोग उन्हें दिल्ली ले गए। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर एसएसआई केसी आर्या, एसएसआई अनिल जोशी, चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस ने जांच की। मौके से एक पिस्टल बरामद हुई है। इधर सूचना पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, विजय फुटेला आदि व्यापारी मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर सीओ सिटी भी पहुंचे
कारोबारी को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी प्रशांत कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया की मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी रात साढ़े आठ बजे बंद हो गए थे।