नैनीताल में अधिवक्ता पूरण सिंह भाकुनी ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या! जांच में जुटी पुलिस
नैनीताल से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कलेक्ट्रेट परिसर में 65 वर्षीय अधिवक्ता पूरण सिंह भाकुनी ने कथित रूप से अपनी कार में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं का जमावड़ा लग गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक पूरण सिंह भाकुनी नोटरी का कार्य करते थे और स्थानीय स्तर पर एक वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में जाने जाते थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब छह माह पहले ही विवाह किया था, जिससे इस घटना ने और भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने अपनी बीमारी का जिक्र किया है। शुरुआती तौर पर यह मामला मानसिक और शारीरिक परेशानी से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि सुसाइड नोट की पूरी सत्यता और अन्य पहलुओं की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आत्महत्या के पीछे केवल बीमारी ही कारण थी या इसके अलावा कोई अन्य वजह भी सामने आती है।
इस घटना के बाद पूरे अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर है और अधिवक्ताओं ने शोक प्रस्ताव के साथ संवेदना भी व्यक्त की है।