गैरसैंण में बजट सत्र का दूसरा दिन: प्रश्नकाल में गूंजा मानव-वन्यजीव संघर्ष, विपक्ष का सड़क से सदन तक हंगामा
गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन आज भारी हंगामे और गहमागहमी के बीच शुरू हुआ। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में जहां एक ओर सदन के भीतर विपक्ष ने जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरा, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। सत्र की शुरुआत के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर विधानसभा कूच किया। जंगलचट्टी बैरियर पर प्रदर्शनकारियों और भारी पुलिस बल के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। जोश से भरे कार्यकर्ता बैरियर तोड़कर आगे निकल गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। वहीं, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने आईएसबीटी और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण में खामियों को लेकर विधानसभा परिसर में ही धरना दिया।
प्रश्नकाल के दौरान सदन में मानव-वन्यजीव संघर्ष का मामला प्रमुखता से उठा। विधायकों के सवालों का जवाब देते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार इस समस्या को लेकर गंभीर है और प्रभावितों के लिए तत्काल मुआवजे की पुख्ता व्यवस्था की गई है। इस बार सत्र के लिए पक्ष-विपक्ष के विधायकों की ओर से कुल 600 से अधिक सवाल प्राप्त हुए हैं, जिससे सदन के और गरमाने के आसार हैं। आज सदन के पटल पर चार महत्वपूर्ण अध्यादेश रखे जाएंगे, जिनमें 'उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (संशोधन) अध्यादेश 2026' और 'माल एवं सेवा कर (संशोधन) अध्यादेश' प्रमुख हैं। इसके साथ ही सरकार आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट और कैग (CAG) की सात महत्वपूर्ण रिपोर्ट भी सदन के सम्मुख प्रस्तुत करेगी। गौरतलब है कि सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹1,11,703.21 करोड़ का बजट पेश किया था। यह पिछले वर्ष की तुलना में 10.41 प्रतिशत अधिक है। आज सदन की कार्यवाही में इस बजट के विभिन्न पहलुओं और आर्थिक सर्वेक्षण पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।