Oct 17, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखण्डः ऊधमसिंह नगर में अवैध असलहे लेकर जा रहे बाइक सवारों से पुलिस की मुठभेड़! एक आरोपी घायल और दूसरा गिरफ्तार, हथियारों की सप्लाई और नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

Uttarakhand: Police engage in a shootout with individuals on a motorcycle carrying illegal weapons in Udham Singh Nagar! One suspect has been injured and another arrested; the police are now working

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और बाइक सवार दो संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों संदिग्ध भारी मात्रा में अवैध हथियार लेकर जा रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान कथित तौर पर संदिग्धों की ओर से फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। दोनों पक्षों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान 22 वर्षीय मनोज कुमार के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल मनोज और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ तमंचे बरामद होने की जानकारी भी दी है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध असलहे लेकर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल संदिग्धों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इसी दौरान बाइक सवार दोनों व्यक्तियों का पुलिस टीम से आमना.सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान मनोज कुमार के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके पर ही उसे अपने कब्जे में ले लिया, जबकि उसके दूसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, मुठभेड़ से जुड़े घटनाक्रम और फायरिंग की परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस की ओर से दोनों आरोपियों के कब्जे से आठ तमंचे बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां पहुंचाने या बेचने की योजना थी। इसके साथ ही हथियारों की खरीद.फरोख्त से जुड़े संभावित नेटवर्क और आरोपियों के संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बरामद हथियारों को जांच में शामिल किया गया है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की जानकारी जुटाई जा रही है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मनोज कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, गिरफ्तार किए गए दूसरे व्यक्ति के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर हथियारों की आपूर्ति और संभावित इस्तेमाल से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।