उत्तराखण्डः शादी के महज चार महीने बाद उजड़ गया कोहिनूर का संसार! नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से परिवार में मचा कोहराम, गर्दन पर मिले निशान
रामनगर। उत्तराखंड के रामनगर में चार महीने पहले शादी के बंधन में बंधी 18 वर्षीय नवविवाहिता कोहिनूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। नवविवाहिता को शुक्रवार शाम उसके ससुराल पक्ष के लोग रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, उसके गर्दन पर निशान पाए गए हैं। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल में प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, मृतका रामनगर के ऊंटपड़ाव स्थित गैस गोदाम रोड क्षेत्र की रहने वाली थी, जबकि उसका मायका जसपुर में है। करीब चार महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। शुक्रवार शाम ससुराल पक्ष के लोग उसे उपचार के लिए रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
नवविवाहिता की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई। इस दौरान मायके पक्ष के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। नवविवाहिता की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल में प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाए हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। चिकित्सकों के अनुसार, नवविवाहिता की गर्दन पर निशान पाए गए हैं। इस तथ्य को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। तहसीलदार रामनगर मनीषा मरखाना के अनुसार, मामले में पंचनामा भरने के साथ पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले में मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।