उत्तराखण्डः रामलीला मंचन के दौरान हादसा! खर का अभिनय कर रहे कलाकार के गले में लगी तलवार, अस्पताल में भर्ती
खटीमा। ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में आयोजित रामलीला मंचन के दौरान उस समय हादसा हो गया, जब खर-दूषण और भगवान श्रीराम के बीच युद्ध का दृश्य प्रस्तुत किया जा रहा था। इस दौरान खर का अभिनय कर रहे कलाकार अमित जोशी अपने ही वस्त्रों में उलझकर गिर पड़े। गिरने के दौरान उनकी तलवार गले में लग गई, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद रामलीला मंचन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में रामलीला का मंचन चल रहा था। इसी दौरान खर-दूषण और भगवान श्रीराम के बीच युद्ध का दृश्य प्रस्तुत किया जा रहा था। खर की भूमिका निभा रहे अमित जोशी अभिनय के दौरान अचानक अपने वस्त्रों में उलझ गए और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़े। इस दौरान उनके हाथ में मौजूद तलवार गले में लग गई और उन्हें चोट आ गई। हादसे के तुरंत बाद आयोजन से जुड़े लोगों ने घायल कलाकार को उपचार के लिए उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया और चोट पर दो से तीन टांके लगाए। इसके बाद उन्हें बेहतर जांच और उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भी दिखाया गया। बताया जा रहा है कि घायल कलाकार अभी अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घटना के बाद रामलीला आयोजन से जुड़े लोगों और कलाकारों ने राहत की सांस ली।