रुद्रपुरः नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई! मुख्य आरोपी भी निकला नाबालिग, होटल संचालक गिरफ्तार
रुद्रपुर। नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में रुद्रपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संचालक को को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे एक विधि-विवादित किशोर को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पॉक्सो एक्ट की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को कोतवाली रुद्रपुर में एक नाबालिग बालिका के साथ गंभीर अपराध किए जाने और घटना में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। जांच में एसओजी और सर्विलांस टीम को भी शामिल किया गया, जिन्होंने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्य जुटाने का कार्य किया।
घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से जांच की। तकनीकी जांच, डिजिटल साक्ष्यों और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस ने 9 जुलाई 2026 को मामले में मनोज कुमार, निवासी जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही एक विधि-विवादित किशोर, जिसे इस मामले का मुख्य आरोपी बताया गया है, को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सामने आए नए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धारा 16 और 17 भी जोड़ी गई हैं। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के मामलों में पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शामिल प्रत्येक आरोपी की पहचान कर उसे कानून के दायरे में लाया जाएगा और उसके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।