रुद्रपुरः वाहन छुड़वाने का झांसा देकर लाखों की उगाही का आरोप! खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताने वाले विकास सागर पर मुकदमा दर्ज, सबूत मिटाने की कोशिश के भी आरोप

Rudrapur: Accused of extorting lakhs of rupees under the pretense of getting a vehicle released! A case has been filed against Vikas Sagar, who claimed to be a BJP worker, and he is also accused of a

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में एक वाहन स्वामी ने शहर के ही एक युवक पर कथित रूप से सुरक्षा और पुलिस कार्रवाई से बचाने के नाम पर हर महीने 70 हजार रुपये की वसूली करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्राम जाफरपुर निवासी राम सिंह पुत्र फूल सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके स्वामित्व वाले वाहन यूके 06 सीसी 3030 और यूके 15 सीए 2858 से रेता-बजरी ढुलाई का कार्य होता है। आरोप है कि पिछले कई महीनों से रुद्रपुर के इंदिरा कॉलोनी निवासी विकास सागर पुत्र पप्पू सागर उससे हर माह 70 हजार रुपये वसूल रहा था। तहरीर में कहा गया है कि आरोपी खुद को प्रभावशाली बताते हुए भरोसा दिलाता था कि यदि उसके वाहन ओवरलोडिंग या कागजों की कमी के कारण पुलिस अथवा किसी विभाग द्वारा पकड़े जाते हैं तो वह बिना किसी अतिरिक्त खर्च के अपने प्रभाव से वाहन छुड़वा देगा। आरोप है कि इस एवज में आरोपी नगद और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से रकम लेता रहा।

पीड़ित के मुताबिक 14 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9 बजे उसका वाहन किच्छा रोड पर पुलिस द्वारा रोका गया और 77,500 रुपये का चालान कर दिया गया। जब उसने विकास सागर को वाहन छुड़वाने के लिए फोन किया तो आरोपी ने उसे बिलासपुर रोड स्थित डिग्री कॉलेज के पास बुलाया और खुद को साथ लेकर सीओ सिटी कार्यालय चलने को कहा। राम सिंह का आरोप है कि आरोपी सीओ सिटी कार्यालय के भीतर कुछ बातचीत कर बाहर आया और दावा किया कि उसने पूरा मामला सेट कर दिया है। इसके बाद जब वह आरोपित को उसके बताए स्थान पर छोड़ने जा रहा था तो आरोपित कथित रूप से उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया, ताकि लेन-देन और बातचीत के सबूत मिटाए जा सकें। पीड़ित ने अपनी तहरीर में कहा है कि उसके साथ लंबे समय से सुनियोजित तरीके से आर्थिक शोषण किया गया है और अब आरोपित सबूत मिटाने की कोशिश कर रहा है। उसने पुलिस प्रशासन से मुकदमा दर्ज कर आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। बता दें कि विकास सागर खुद को भाजपा का कार्यकर्ता बताता है और भाजपा के कई बड़े पदाधिकारियों के साथ उसकी तस्वीरें भी हैं, जो सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई हैं।