Sep 02, 2026 Login

रुद्रप्रयाग हादसाः रेस्क्यू ऑपरेशन जारी! अलकनंदा से 2 शव बरामद, 7 लोग अभी भी लापता

Rudraprayag accident: Rescue operation continues! 2 bodies recovered from Alaknanda, 7 people still missing

रुद्रप्रयाग। बद्रीनाथ हाईवे के घोलतीर में हुए टेम्पो ट्रेवलर हादसे में अलकनंदा नदी से दो शव और बरामद किए गए हैं। अब लापता यात्रियों की संख्या 7 हो गई है, जबकि 08 घायलों का ईलाज चल रहा है। वाहन में चालक सहित 20 लोग सवार थे। नदी में मिले शवों में एक की शिनाख्त की जा चुकी है, जबकि एक की होनी बाकी है। लापता की ढूंढ़खोज के लिये आज सुबह से ही प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति एवं निगरानी में जिला पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ व जल पुलिस के स्तर से संयुक्त रुप से रेस्क्यू अभियान प्रारम्भ किया गया। दुर्घटनास्थल से लेकर श्रीनगर तक के क्षेत्र में विभिन्न प्वाइन्टों पर वॉचरों की नियुक्ति सहित अलकनन्दा नदी में बोट व सोनार की मदद से ढूंढ-खोज अभियान चलाया जा रहा है। लगातार चलाये जा रहे इस सर्च व रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक रेस्क्यू टीमों को रतूड़ा क्षेत्रान्तर्गत नदी किनारे एक शव और दूसरा शव पेट्रोल पंप से बरामद हुआ है। रतूड़ा में मिले शव की पहचान संजय सोनी, निवासी उदयपुर, शास्त्री सर्किल राजस्थान, के रूप में हुई है, जिनका पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्यवाही के उपरान्त शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जायेगा। साथ ही शेष 07 मिसिंग रह गये व्यक्तियों की तलाश किये जाने को लेकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान निरन्तर जारी है।