बारिश का कहरः हिमाचल के मंडी में 4 जगहों पर फटा बादल! हर तरफ तबाही जैसा मंजर, उत्तराखण्ड में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। देशभर में बारिश का दौर लगातार जारी है। हिमाचल और उत्तराखण्ड में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने देश के अधिकतर हिस्सों में जुलाई में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के लोगों को बाढ़ से सतर्क रहने की सलाह दी है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात 4 जगह बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। बाढ़ और लैंडस्लाइड से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लोग लापता हैं। इसके अलावा 20 घरों को नुकसान पहुंचा है। उत्तराखंड में भी भारी बारिश का दौर जारी है। सोमवार को कोटद्वार-बद्रीनाथ मार्ग पर सतपुली के पास लैंडस्लाइड हुई। इस वजह से पौड़ी-मेरठ नेशनल हाईवे बंद हो गया। वहीं उत्तरकाशी में भूस्खलन और कुछ हिस्सों के बह जाने के कारण यमुनोत्री हाईवे बंद हो गया है। राजस्थान में मानसून सीजन में अब तक 136 फीसदी ज्यादा बरसात हुई है। 1 से 29 जून तक औसत बारिश 50ण्7उउ होती है, जबकि इस सीजन में अब तक कुल 119.4 एमएम बरसात हो चुकी है। आज भी राज्य के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट है। वहीं प्रयागराज और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश के चलते यमुना का जलस्तर बढ़ गया है। नदी का पानी अरैल घाट पर बनी सीढ़ियों पर चढ़ गया है। इस वजह से बैठने के लिए बनीं सजावटी छतरियां डूब गईं हैं।