आज उत्तराखंड में राहुल गांधी का महाशंखनाद: अल्मोड़ा से फूंकेंगे 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल

Rahul Gandhi's Grand Clarion Call in Uttarakhand Today: Sounding the Bugle for the 2027 Assembly Elections from Almora.

अल्मोड़ा। उत्तराखंड की सियासत में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। इसी चुनावी महासमर का औपचारिक आगाज करने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार यानी आज देवभूमि के अल्मोड़ा पहुंच रहे हैं। अल्मोड़ा का ऐतिहासिक सिमकनी मैदान राहुल गांधी की इस विशाल जनसभा का गवाह बनने जा रहा है, जिसे कांग्रेस आगामी चुनावों के लिए अपने 'चुनावी शंखनाद' के रूप में देख रही है।

रैली स्थल पर तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। मंच निर्माण से लेकर बैठक व्यवस्था और सुरक्षा के कड़े इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर पूरे प्रदेश, खासकर कुमाऊं क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस जनसभा को ऐतिहासिक और रिकॉर्डतोड़ बनाने के लिए कांग्रेस संगठन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के कई दिग्गज नेता पिछले कई दिनों से अल्मोड़ा में ही डेरा डाले हुए हैं और पल-पल की तैयारियों की खुद निगरानी कर रहे हैं। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा लगातार संगठनात्मक बैठकों के जरिए रणनीति को अंतिम रूप दे रही हैं। वही प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और  नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य कार्यकर्ताओं में जोश भरने में जुटे हैं। पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय नेता गांव-गांव और शहरों के कोने-कोने में पहुंचकर आम जनता को इस जनसभा में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि सिमकनी मैदान की यह रैली उत्तराखंड की राजनीति को एक नया मोड़ देगी। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी की इस रैली को लेकर पूरे उत्तराखंड में जनता और कार्यकर्ताओं के भीतर अभूतपूर्व उत्साह है। बड़ी संख्या में लोग खुद इस जनसभा का हिस्सा बनने के लिए अल्मोड़ा पहुंच रहे हैं। यह सिर्फ एक रैली नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस का शंखनाद है, जो पूरे प्रदेश में पार्टी को एक नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा। वही राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो कांग्रेस इस रैली के जरिए न सिर्फ अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करना चाहती है, बल्कि जनता के स्थानीय मुद्दों को राष्ट्रीय पटल पर रखकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इस रैली के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक पुनर्जीवित और मजबूत किया जाएगा। अल्मोड़ा पहुंचने के लिए विभिन्न जिलों और दूर-दराज के पहाड़ी क्षेत्रों से भी कार्यकर्ताओं के जत्थे रवाना होने शुरू हो चुके हैं। कांग्रेस को पूरी उम्मीद है कि राहुल गांधी की यह जनसभा प्रदेश की राजनीति पर गहरा और दूरगामी प्रभाव छोड़ने वाली साबित होगी। अब सबकी नजरें आज दोपहर सिमकनी मैदान के मंच पर टिकी हैं, जहाँ से राहुल गांधी उत्तराखंड चुनाव के अभियान की आधिकारिक शुरुआत करेंगे।