हल्द्वानी आरटीओ कार्यालय गोलीकाण्डः प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज! जांच-पड़ताल में जुटा पुलिस महकमा
हल्द्वानी। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) हल्द्वानी में मंगलवार को गोली चलने की घटना से कर्मचारियों और कार्यालय में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गोली कार्यालय में रखी अलमारी को पार करते हुए फाइलों में जा धंसी। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई कर्मचारी या अन्य व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। मामले में चौकी प्रभारी दीपा जोशी की ओर से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना मुखानी थाना क्षेत्र स्थित आरटीओ कार्यालय की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को कार्यालय में किसी बात को लेकर कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह नेगी की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली कार्यालय में रखी अलमारी को पार करते हुए फाइलों में जा लगी। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद कार्यालय में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। कर्मचारी यह समझने की कोशिश करते रहे कि गोली कहां से चली और किस परिस्थिति में फायरिंग हुई। राहत की बात यह रही कि गोली किसी कर्मचारी को नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया। पुलिस के अनुसार, गोली चलने के तुरंत बाद संबंधित अधिकारी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह अपना असलहा भी साथ लेकर गया। घटना की सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने गोली लगने वाली जगह और आसपास के क्षेत्र की जांच कर साक्ष्य जुटाए।