नक्सल अभियान में पुलिस जवानों को मिली सफलता! भारी मात्रा में आईईडी और विस्फोटक बनाने का सामान बरामद

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा जिले के टोकलो थाना और सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना के सीमावर्ती जंगल पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए लगभग 14 आई.ई.डी.,देसी हैंड ग्रेनेड,अमोनियम नाइट्रेट पाउडर, पटाखा पाउडर बरामद किए गए। सुरक्षा की दृष्टि से इन्हें बम निरोधक दस्ते की मदद से उसी स्थान पर नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपातन,जयकांत, रापा मुंडा एवं अन्य नक्सलियों के अपने दस्ते के सदस्यों के साथ सारंडा/कोलहान क्षेत्र में विध्वंसकारी गतिविधियों के भ्रमणशील होने की सूचना मिली थी। जिसके आलोक में झारखंड पुलिस, कोबरा,सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित किया गया है और लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा को 18 जुलाई 2025 को गुप्त सूचना मिली कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) नक्सली संगठन के उग्रवादियों ने सुरक्षा बलों के विरुद्ध उनके अभियान को रोकने और लक्षित क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा जिले के टोकलो थाना और सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना के सीमावर्ती जंगल/पहाड़ी क्षेत्र में गोला-बारूद छिपाकर रखा है। जिसके आलोक में झारखंड पुलिस (चाईबासा और सरायकेला-खरसावां पुलिस), झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ 60 बटालियन के साथ एक संयुक्त अभियान दल का गठन कर 19 जुलाई 2025 को पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा जिले के टोकलो थाना और सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना के सीमावर्ती जंगल/पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया गया। संयुक्त अभियान दल द्वारा आगे के सर्च अभियान के दौरान आज पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा जिले के टोकलो थाना एवं सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना के सीमावर्ती जंगल पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पूर्व से लगाए गए लगभग 14 आईईडी (प्रत्येक का वजन लगभग 02-02 किलोग्राम), देसी हैंड ग्रेनेड, अमोनियम नाइट्रेट पाउडर, पटाखा पाउडर बरामद किया गया। जिसे सुरक्षा के दृष्टिकोण से उसी स्थान पर बम निरोधक दस्ते की मदद से नष्ट कर दिया गया है। इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।