शारदीय कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, हरिद्वार पुलिस ने जारी किया विस्तृत ट्रैफिक प्लान

Police are on high alert for the Shravan Kanwar Yatra; Haridwar police have issued a detailed traffic plan.

हरिद्वार। शारदीय कांवड़ मेला 2026 को लेकर हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह ट्रैफिक व्यवस्था 5 फरवरी सुबह 8 बजे से 15 फरवरी रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून की ओर आने-जाने वाले वाहनों पर विशेष नियंत्रण रहेगा।

पुलिस के अनुसार शारदीय कांवड़ मेला अवधि में हरिद्वार से नजीबाबाद रूट पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सिडकुल, देहरादून और ऋषिकेश की ओर से बिजनौर, मुरादाबाद व नैनीताल जाने वाले भारी वाहन हरिद्वार से रुड़की होते हुए मुजफ्फरनगर मार्ग से अपने गंतव्य तक जाएंगे। वापसी भी इसी मार्ग से की जाएगी। हालांकि खाद्य सामग्री, पेट्रोलियम, गैस और मेडिकल जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहन रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक निर्धारित रूट से आवागमन कर सकेंगे। रोडवेज बसों के लिए भी विशेष मार्ग तय किए गए हैं। देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार से बिजनौर, मुरादाबाद व नैनीताल जाने वाली बसें लाडपुर से नहर पटरी मार्ग का उपयोग करेंगी। वहीं रुड़की-लक्सर-बालावाली मार्ग पर भारी और मध्यम वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शहर के भीतर भी जीरो जोन और वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। पोस्ट ऑफिस तिराहा से हरकी पौड़ी तक और भीमगौड़ा बैरियर से हरकी पौड़ी तक जीरो जोन रहेगा। चीला मार्ग को केवल ऋषिकेश से हरिद्वार आने वाले वाहनों के लिए वन-वे किया जाएगा। ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के लिए अलग-अलग डायवर्जन तय किए गए हैं। ट्रैफिक दबाव बढ़ने की स्थिति में प्रमुख चौराहों से इनका आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित किया जा सकता है। पुलिस ने आमजन और यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान का अवश्य अध्ययन करें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।