आज रात 8:30 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे पीएम मोदी, महिला आरक्षण और पश्चिम एशिया संकट पर देश की नजर
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा दी गई इस जानकारी के बाद पूरे देश में सुगबुगाहट तेज हो गई है। हालांकि पीएमओ ने संबोधन के विषय को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री महिला आरक्षण बिल और पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण वैश्विक स्थिति पर महत्वपूर्ण बात रख सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि पीएम मोदी महिला आरक्षण बिल पर अपनी बात रख सकते हैं। गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को लोकसभा में महिला आरक्षण बिल गिर गया था, जिसके बाद सरकार की अगली रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रधानमंत्री इस दिशा में किसी वैकल्पिक कदम या भविष्य की योजना का खाका देश के सामने रख सकते हैं। संबोधन से पहले, प्रधानमंत्री ने शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में विभिन्न मंत्रालयों और विभागों द्वारा उठाए गए सुरक्षात्मक कदमों की समीक्षा की गई। इससे पहले 1 अप्रैल को भी सीसीएस की विशेष बैठक हुई थी, जिसमें पश्चिम एशिया में चल रहे भीषण संघर्ष और उसके भारत पर पड़ने वाले प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई थी। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, सरकार पश्चिम एशिया संकट के बीच देश में पेट्रोलियम उत्पादों (एलएनजी और एलपीजी) की निर्बाध आपूर्ति और बिजली की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने में जुटी है। पीएम मोदी ने आम आदमी की बुनियादी जरूरतों, जैसे भोजन और ऊर्जा सुरक्षा का जायजा लिया। साथ ही, आगामी खरीफ और रबी सीजन के लिए उर्वरकों (Fertilizers) के पर्याप्त भंडार और वैकल्पिक स्रोतों पर भी रणनीतिक चर्चा की गई। कोयले के भंडार की समीक्षा भी की गई ताकि बिजली संकट की कोई संभावना न रहे। 28 फरवरी को ईरान पर हुए हमले और उसके बाद उपजे तनाव का वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गहरा असर पड़ने की आशंका है। भारत सरकार इस संघर्ष से निपटने के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक उपायों पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री के आज के संबोधन में इस अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता के बीच भारत की आत्मनिर्भरता और सुरक्षा को लेकर भी कड़ा संदेश मिलने की संभावना है। अब पूरे देश की नजरें रात 8:30 बजे की घड़ी पर टिकी हैं, जब प्रधानमंत्री देश के सामने अपनी बात रखेंगे।