पिथौरागढ़ः मासूम कशिश को न्याय दिलाने की मांग को लेकर फिर सड़कों पर उतरे लोग! भूतपूर्व सैनिक संगठन ने किया जिलाधिकारी का घेराव, जोरदार नारेबाजी
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में मासूम कशिश को न्याय दिलाने की मांग को लेकर लोग लगातार सड़कों पर उतर रहे हैं और हर तरफ ‘कशिश को न्याय दो, कशिश को न्याय दो’ के नारे गूंज रहे हैं। यही नहीं कशिश को न्याय दिलाने के लिए प्रदेशभर में लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। ज्ञात हो कि 20 नवंबर 2014 को पिथौरागढ़ की नन्ही परी कशिश अपने परिजनों सहित शीश महल, काठगोदाम, हल्द्वानी में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। समारोह से नन्हीं परी का अपहरण कर रेप के बाद दरिंदों ने उसके शव को जंगल में फेंक दिया। इसके बाद 25 नवंबर 2014 को उसका शव गौला के जंगल से बरामद हुआ। तब इस मामले को लेकर प्रदेशभर में लोगों में खासा आक्रोश देखने को मिला। इसके बाद 29 नवंबर 2014 को तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की गई, जिसमें से एक आरोपी नाबालिग छोटा मसीह को सबूत के अभाव में फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वारा बरी कर दिया गया। दूसरे आरोपी प्रेम पाल सिंह को पांच साल की सजा सुनाई गई, जबकि तीसरे आरोपी अख्तर अली को फास्ट ट्रैक कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई। र्हाइकोर्ट ने भी फास्ट ट्रैक कोर्ट के निर्णय को बरकरार रखा। परिजन मान रहे थे कि आरोपी को फांसी की सजा सुप्रीम कोर्ट द्वारा भी सुना दी जाएगी। परिजन तारीख का इंतज़ार करते रहे, लेकिन 10 सितम्बर 2025 को पता चला कि नन्हीं परी कशिश का आरोपी सुप्रीम कोर्ट से बरी कर दिया गया है। जिसके बाद पिथौरागढ़ के साथ-साथ प्रदेशभर में खासा आक्रोश व्याप्त है। लोग सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से नाराज हैं और आरोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग उठा रह हैं। इधर पिथौरागढ़ में इसको लेकर लोगों का आन्दोलन लगातार चल रहा है। इसी क्रम में आज भूतपूर्व सैनिक संगठन पिथौरागढ़ द्वारा जिलाधिकारी का घेराव करने के साथ-साथ जोरदार प्रदर्शन किया गया।