पंतनगर विवि में ज्ञान दीक्षा समारोह आयोजित! राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने की शिरकत, छात्रों को दिए सफलता के मंत्र
पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित ज्ञान दीक्षा समारोह शनिवार को उत्साह और गरिमा के माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने शिरकत की। विश्वविद्यालय के गांधी भवन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, विश्वविद्यालय प्रशासन और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत समारोह के साथ हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। ज्ञान दीक्षा समारोह में अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं और उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके लिए यह क्षण बेहद भावुक और गौरवपूर्ण है, क्योंकि वह स्वयं भी पंतनगर विश्वविद्यालय के पुरातन छात्र रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संस्थान ने उन्हें न केवल शिक्षा दी, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने का दृष्टिकोण भी प्रदान किया। आज उसी परिसर में लौटकर नई पीढ़ी के छात्रों को संबोधित करना उनके लिए विशेष अनुभव है। उन्होंने छात्रों से कहा कि विश्वविद्यालय से प्राप्त शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित न रखें, बल्कि उसे समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए उपयोग में लाएं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश के युवाओं की भूमिका इसमें सबसे अहम है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और नवाचार के साथ अपने करियर में आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यसभा सांसद ने समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। महंगाई को लेकर विपक्ष द्वारा केंद्र सरकार पर लगातार किए जा रहे हमलों पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष को आलोचना करने से पहले वैश्विक परिस्थितियों का अध्ययन करना चाहिए।