पाकिस्तानः क्वेटा में जाफर एक्सप्रेस पर आत्मघाती हमला! जोरदार धमाके से दहला इलाका, 23 की मौत! पूरे इलाके में हाई अलर्ट
क्वेटा। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत से रविवार सुबह एक बड़े आतंकी हमले की खबर सामने आई है। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के मजीद ब्रिगेड के एक आत्मघाती हमलावर ने क्वेटा के चमन फाटक के पास सैन्य कर्मियों को लेकर जा रही जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाकर भीषण फिदायीन हमला कर दिया। रेलवे ट्रैक के समीप हुए इस शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 23 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 53 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना भीषण था कि ट्रेन की एक पूरी बोगी आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते जलकर राख हो गई। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास बने कई मकानों की दीवारें ढह गईं, जबकि पास खड़े वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राहत-बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे। जलती हुई बोगी और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पाकिस्तानी पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हमला बेहद सुनियोजित था। आत्मघाती हमलावर ने ट्रेन के ठीक गुजरने के समय विस्फोट को अंजाम दिया, जिससे अधिकतम जनहानि हो सके। इस हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने ली है।
संगठन के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि हमले को बीएलए की आत्मघाती इकाई मजीद ब्रिगेड ने अंजाम दिया। प्रवक्ता के मुताबिक, जाफर एक्सप्रेस क्वेटा कैंट से पाकिस्तानी सेना के जवानों को लेकर जा रही थी और इसी वजह से इसे निशाना बनाया गया। जीयंद बलूच ने दावा किया कि यह हमला संगठन की एक रणनीतिक सैन्य कार्रवाई का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन से संबंधित विस्तृत जानकारी और पाकिस्तानी सेना को हुए नुकसान का ब्यौरा जल्द ही आधिकारिक बयान में जारी किया जाएगा। क्वेटा पुलिस ने बताया कि धमाके की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रेन की एक पूरी बोगी पूरी तरह राख में तब्दील हो गई। रेलवे ट्रैक के आसपास के कई घरों में दरारें आ गईं और कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद पूरे बलूचिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेलवे स्टेशनों, सैन्य प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां हमले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।