बूढ़ा केदारः जहां पांडवों को मिले शिव के दर्शन! टिहरी की वादियों में बसा आस्था, इतिहास और प्रकृति का अद्भुत संगम, महाभारत काल से जुड़ी है मान्यता

Old Kedar: Where the Pandavas received the vision of Lord Shiva! Nestled in the valleys of Tehri, this wonderful confluence of faith, history, and nature, its tradition dates back to the Mahabharata

-बलवंत रावत-

टिहरी गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखण्ड सदियों से अपने प्राचीन मंदिरों, पौराणिक कथाओं और आध्यात्मिक परंपराओं के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध रही है। इन्हीं दिव्य धरोहरों में एक नाम है बूढ़ा केदार, जो टिहरी गढ़वाल जिले के भिलंगना ब्लॉक के घनसाली क्षेत्र में स्थित एक अत्यंत प्राचीन और पूजनीय शिवधाम है। बाल गंगा और धर्म गंगा नदियों के पवित्र संगम तट पर स्थित यह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि गढ़वाल की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक भी है। स्थानीय मान्यताओं और पुराणों में वर्णित कथाओं के अनुसार बूढ़ा केदार को पंच केदार परंपरा का प्रारंभिक अथवा पांचवां धाम माना जाता है।

महाभारत काल से जुड़ी है बूढ़ा केदार की मान्यता
बूढ़ा केदार मंदिर का इतिहास पौराणिक कथाओं और आस्था की गहरी जड़ों से जुड़ा हुआ है। मंदिर समिति के सदस्य मनमोहन रावत के मुताबिक स्कंद पुराण में भी इस तीर्थ का उल्लेख मिलता है और इसकी प्राचीनता कई प्रसिद्ध शिवधामों से भी अधिक मानी जाती है। कहा जाता है कि महाभारत युद्ध के बाद पांडव अपने परिजनों और गोत्रजनों की हत्या के पाप से मुक्ति पाने के लिए भगवान शिव के दर्शन करना चाहते थे। अपने गुरु वेदव्यास के निर्देश पर वे हिमालय की ओर निकले। किंतु भगवान शिव उनसे अप्रसन्न थे और दर्शन नहीं देना चाहते थे। इसलिए उन्होंने एक वृद्ध व्यक्ति का रूप धारण कर लिया। मान्यता है कि जब पांडव इस स्थान पर पहुंचे तो वह वृद्ध पुरुष ध्यान में लीन हो गया और उसी स्थान पर एक विशाल शिवलिंग प्रकट हुआ। पांडवों ने उसी शिवलिंग में भगवान शिव के दर्शन किए। चूंकि शिव ने यहां वृद्ध रूप धारण किया था, इसलिए इस स्थान का नाम बूढ़ा केदार पड़ गया। आज भी श्रद्धालु इस कथा को आस्था और श्रद्धा के साथ स्मरण करते हैं।

उत्तर भारत का विशाल प्राकृतिक शिवलिंग
मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यहां स्थापित विशाल प्राकृतिक शिवलिंग है, जिसे उत्तर भारत के सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंगों में से एक माना जाता है। इस शिवलिंग में भगवान शिव के वृद्ध स्वरूप, भगवान गणेश, नंदी, पांचों पांडवों और द्रौपदी की आकृतियों जैसी प्राकृतिक छवियां दिखाई देने की मान्यता है। मंदिर पारंपरिक गढ़वाली स्थापत्य कला का उत्कृष्ट उदाहरण है। पत्थर और लकड़ी की नक्काशी से निर्मित यह मंदिर प्राचीन शिल्पकला की अद्भुत झलक प्रस्तुत करता है। मंदिर परिसर में नाथ संप्रदाय के संतों की समाधियां भी स्थित हैं, जो इस स्थान की आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक बढ़ाती हैं। मान्यता है कि महान योगी गोरखनाथ ने भी यहां तपस्या और ध्यान किया था, जिसके कारण यह स्थल नाथ परंपरा के अनुयायियों के लिए भी विशेष महत्व रखता है।

राजपूत पुजारियों की अनूठी परंपरा
भारत के अधिकांश मंदिरों में जहां पुजारी ब्राह्मण समुदाय से होते हैं, वहीं बूढ़ा केदार मंदिर की एक विशेष परंपरा इसे अलग पहचान देती है। यहां पूजा-अर्चना का कार्य राजपूत समुदाय के वे पुजारी करते हैं जो नाथ संप्रदाय की शिक्षा और दीक्षा प्राप्त करते हैं। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और मंदिर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है।

प्रकृति की गोद में बसा आध्यात्मिक धाम
समुद्र तल से लगभग 1,535 मीटर की ऊंचाई पर स्थित बूढ़ा केदार चारों ओर से घने देवदार के जंगलों, हरियाली और सीढ़ीनुमा खेतों से घिरा हुआ है। यहां पहुंचते ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक अलग तरह की शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है। नई टिहरी से लगभग 90 किलोमीटर दूर स्थित यह स्थल धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ प्रकृति प्रेमियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र है। मंदिर तक पहुंचने के लिए अंतिम चरण में लोहे के पुल से लगभग एक किलोमीटर का सुंदर और आसान ट्रेक करना पड़ता हैए जो यात्रा को और भी यादगार बना देता है।

मेलों और त्योहारों में उमड़ता है श्रद्धा का सैलाब
महाशिवरात्रि बूढ़ा केदार का सबसे प्रमुख पर्व माना जाता है। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते हैं। इसके अलावा जुलाई माह की पूर्णिमा से आरंभ होने वाला तीन दिवसीय विशाल मेला भी क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान है। इस दौरान दूर-दूर से श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं। क्षेत्र के 180 गांवों के आराध्य देवता माने जाने वाले गुरु कैलापीर देवता का भव्य मेला भी दीपावली के लगभग एक महीने बाद बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित किया जाता है।

ट्रेकिंग और पर्यटन का भी प्रमुख केंद्र
बूढ़ा केदार केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि साहसिक पर्यटन के लिए भी महत्वपूर्ण पड़ाव है। यहां से महासर ताल, सहस्त्र ताल, जराल ताल और मनझार ताल जैसे प्रसिद्ध उच्च हिमालयी ट्रेकों का मार्ग गुजरता है। यही कारण है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में ट्रेकर्स और प्रकृति प्रेमी यहां पहुंचते हैं। मंदिर भ्रमण के लिए मार्च से जून तथा सितंबर से नवंबर का समय सबसे उपयुक्त माना जाता है। इस दौरान मौसम सुहावना रहता है और हिमालय की बर्फीली चोटियों के मनोहारी दृश्य यात्रियों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं।

रावल अमरनाथ योगी की स्मृतियों से जुड़ा यह धाम
बूढ़ा केदार की आध्यात्मिक यात्रा केवल मंदिर तक सीमित नहीं हैए बल्कि यहां की परंपराओं और इतिहास को जीवंत बनाए रखने वाले संतों और आध्यात्मिक मार्गदर्शकों की स्मृतियां भी इससे जुड़ी हुई हैं। मंदिर से जुड़े रावल अमरनाथ योगी ने वर्षों तक श्रद्धालुओं और यात्रियों को इस धाम के इतिहास, मान्यताओं और परंपराओं की जानकारी दी। हाल ही में उनके निधन का समाचार क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में सामने आया। आज भी उनके द्वारा दी गई शिक्षाएं और मार्गदर्शन श्रद्धालुओं की स्मृतियों में जीवित हैं।

आस्था, इतिहास और प्रकृति का अनूठा संगम
बूढ़ा केदार केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि वह स्थान है जहां पौराणिक इतिहास, लोक आस्था, आध्यात्मिक साधना और प्राकृतिक सौंदर्य एक साथ मिलकर एक दिव्य अनुभव प्रदान करते हैं। टिहरी गढ़वाल की शांत वादियों में स्थित यह धाम आज भी श्रद्धालुओं को शिव भक्ति, आत्मिक शांति और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य कर रहा है। जो भी व्यक्ति देवभूमि उत्तराखंड की वास्तविक आध्यात्मिक आत्मा को महसूस करना चाहता है, उसके लिए बूढ़ा केदार की यात्रा एक अविस्मरणीय अनुभव साबित हो सकती है।