अब सफ़र करना भी मुश्किल!बारिश के चलते सिर्फ दरवाजा बंद करने को लेकर हुई बहस में चलती ट्रेन में 22 साल के युवक की चाकू गोदकर हत्या!

Now even traveling is difficult! A 22-year-old man was stabbed to death on a moving train after an argument over closing the door due to rain.

मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। तेज बारिश के बीच ट्रेन का दरवाजा बंद करने को लेकर हुए झगड़े में 22 वर्षीय युवक मयंक लोहार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना 23 जून की रात चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल में अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच हुई।

 

पुलिस के अनुसार, मयंक लोहार और आरोपी रोशन सुवर्णा (30) दोनों अंधेरी स्टेशन से लोकल ट्रेन के प्रथम श्रेणी डिब्बे में सवार हुए थे। उस समय मुंबई में भारी बारिश हो रही थी। सफर के दौरान ट्रेन का दरवाजा बंद रखने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रोशन सुवर्णा ने मयंक पर चाकू से कई वार कर दिए। हमला करने के बाद आरोपी बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही प्लेटफॉर्म नंबर छह पर उतरकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम रात 11:12 बजे संबंधित कोच तक पहुंची। गंभीर रूप से घायल मयंक को तत्काल इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन रेलवे के इमरजेंसी मेडिकल रूम (ईएमआर) में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या के बाद फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर जीआरपी ने 24 जून को कुर्ला रेलवे स्टेशन से रोशन सुवर्णा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी उत्तर प्रदेश भागने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही उसे दबोच लिया गया।

जीआरपी ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।